रिपोर्ट….राकेश मिश्रा….17.05.2026 लोकेशन….बिलासपुर
बिलासपुर संभाग के सबसे बड़े थोक बाजार व्यापार विहार में नकली सामान की बिक्री और बेजा कब्जों को लेकर व्यापारी संघ ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार सामने आ रहे डुप्लीकेट प्रोडक्ट के मामलों से बाजार की छवि खराब होने पर व्यापारियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही नगर निगम से बाजार क्षेत्र में फैले बेजा कब्जों को हटाने की मांग भी की गई। प्रेस वार्ता के दौरान व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ व्यापारी लालच में आकर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान बेच रहे हैं, जिससे ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इसका असर उन व्यापारियों पर भी पड़ रहा है जो वर्षों से ईमानदारी से कारोबार कर रहे हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यापारी नकली माल बेचते पकड़ा गया तो उसकी सदस्यता निलंबित कर दी जाएगी और उसे व्यापार विहार में किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिलेगा। व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक पवन वाधवानी ने कहा कि नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग केवल मुनाफे के लिए लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। व्यापारियों को पहले भी समझाइश दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यदि कोई नहीं मानता तो संगठन स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएंगे। वर्तमान अध्यक्ष नानक राम खटूजा ने कहा कि सोशल मीडिया और समाचारों में लगातार नकली सामान बिकने की खबरें सामने आने के बाद संगठन ने बैठक कर यह निर्णय लिया है कि ऐसे व्यापारियों को किसी भी हालत में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नकली सामान सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार तक डुप्लीकेट माल पहुंचे ही नहीं। प्रेस वार्ता में व्यापार विहार में फैले बेजा कब्जे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार नगर निगम को शिकायत और पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क और नालियों तक फैले कब्जों के कारण बाजार में यातायात और जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही है। कुछ व्यापारियों ने यह भी कहा कि यदि सभी व्यापारी मिलकर अपने-अपने कब्जे हटा लें तो बाजार की व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है। व्यापारी संघ ने बारिश से पहले बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि हर साल होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। प्रेस वार्ता में संरक्षक सुनील सोन्थलिया, कमल विधानी, पूर्व कोषाध्यक्ष जयप्रकाश मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
