

बीएमएस ने किया आंदोलन का शंखनाद
लाखों श्रमिकों के साथ रायपुर में होगी आक्रोश रैली
भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ की विस्तारित कार्यसमिति बैठक अंबिकापुर के सरस्वती शिशु मंदिर में दिनांक 16 और 17 मई को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंहदेव ने किया तथा तथा प्रदेश महामंत्री श्री दिनेश कुमार पाण्डेय ने बैठक का संचालन किया। इस अवसर पर नवनियुक्त क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री सी व्ही राजेश जी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक राष्ट्रवादी संगठन के रूप में आम श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उनमें राष्ट्र प्रेम की भावना का विकास करने के उद्देश्य से काम करने वाला संगठन है।हम वेतन,भत्तों के अलावा सामाजिक समरसता, पर्यावरण, स्वदेशी पर जोर,नागरिक कर्तव्यों और परिवार व्यवस्था के सुद्रिढ़ीकरण जैसे विषयों के लिए भी समाज में जनजागरण का कार्य करते हैं। उपरोक्त विषयों को प्रत्येक श्रमिक तक पहुंचाने के लिए संगठन विस्तार आवश्यक है और अब जिला के बाद तहसील,ब्लाक और पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा ।प्रदेश और देशभर में श्रमिकों का असंतोष चरम पर है क्योंकि उनका लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि संगठित, असंगठित सभी क्षेत्रों के श्रमिकों की समस्याओं को लेकर प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा तथा 1 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में लाखों श्रमिकों के साथ आक्रोश रैली में संघर्ष का शंखनाद किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री श्री दिनेश कुमार पाण्डेय ने संगठन में कसावट लाने के लिए 6 वरिष्ठ पदाधिकारियों को सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया है और सभी पदाधिकारियों के लिए प्रत्येक जिले में प्रवास कार्यक्रम सुनिश्चित किया है। बैठक में उपस्थित अखिल भारतीय मंत्री श्री राधेश्याम जायसवाल जी ने छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे औद्योगिक दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए हाल ही में सक्ती जिला के वेदांता बायलर प्लांट दुर्घटना में श्रमिकों की दुखद मृत्यु पर आक्रोश जताया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ श्रमिक परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति के साथ दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बैठक में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री गिरिजा शंकर आचार्य तथा श्रीमती अर्चना लामा भी उपस्थित रहे। भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के कार्यकारी अध्यक्ष और पर्यावरण मंच के प्रदेश प्रभारी श्री शंखध्वनि सिंह बनाफर ने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी जिलों में जिला कलेक्टर और उद्योगों में भी स्थानीय पर्यावरण समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस बैठक में जिला बिलासपुर से श्री शंखध्वनि सिंह बनाफर, गिरिजा शंकर आचार्य के साथ ही प्रदेश मंत्री श्रीमती उषा साहू स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेश तिवारी, जिला मंत्री श्री संजय तिवारी, जिला के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री जयप्रकाश दूबे, श्री रामदास टंडन और श्री ब्रिंदा यादव भी सम्मिलित हुए।


