राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा का विरोध तेज

अमर अग्रवाल बोले — लोकतांत्रिक मर्यादा का अपमान बर्दाश्त नहीं

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा कांग्रेस की संकीर्ण सोच को दर्शाती है तथा यह लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा इस तरह की बयानबाजी का समर्थन करना भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि कांग्रेस लगातार जनता का विश्वास खो रही है।

इसी विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड में पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान का संदेश दिया।

वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की कड़ी में श्री अमर अग्रवाल ने मगरपारा से भारत चौक तक बनने वाली नई सड़क का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सुशासन तिहार के अंतर्गत नूतन चौक, सरकंडा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी प्राथमिकता है।

इस दौरान श्री अग्रवाल ने जापान में आयोजित होने वाले हॉकी अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयनित बिलासपुर के खिलाड़ी अवि मानिकपुरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *