बिलासपुर।
नगर विधायक अमर अग्रवाल ने बिलासपुर पहुंचे जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर को उन्होंने अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सनातन परंपरा, संस्कार और मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संतों के आशीर्वचन से समाज में सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों की भावना और अधिक प्रबल होगी।

विधायक अग्रवाल ने आगे कहा कि आज के परिवर्तित सामाजिक परिदृश्य में संतों का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो समाज को एकजुट रखते हुए सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

इसके पश्चात विधायक अमर अग्रवाल सुशासन तिहार के अंतर्गत मगरपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। शेष समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान विधायक अग्रवाल ने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा यह भरोसा दिलाया कि प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ उठा सकें।

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। विधायक अग्रवाल ने दोहराया कि जनसेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है और इसी भावना के साथ वे निरंतर क्षेत्रवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed