कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर की अहिरन नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक नदी में छलांग लगाने के बाद कुछ देर तक तैरता दिखाई देता है और फिर धीरे-धीरे पानी में समा जाता है। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

मृतक की पहचान निखिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। निखिल ने नदी में छलांग लगाने से पहले अपने दोस्त से मोबाइल पर वीडियो बनाने को कहा था ताकि वह उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर सके। वीडियो में वह करीब एक मिनट तक पानी में तैरता नजर आता है, लेकिन अचानक गहराई और बहाव के बीच वह डूब जाता है। उसका दोस्त तैरना नहीं जानता था, इसलिए वह उसे बचा नहीं सका।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन, पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। मंगलवार देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू हुई। बिलासपुर से एसडीआरएफ टीम भी बुलाई गई, लेकिन पूरे दिन प्रयास के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।

रात में गोताखोरों को ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ नदी में उतारने की तैयारी की जा रही थी, तभी देर रात करीब एक बजे युवक का शव स्वतः पानी की सतह पर आ गया। मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अहिरन नदी में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पहले भी कई युवक जान गंवा चुके हैं। प्रशासन और नागरिकों से नदी किनारे सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने की मांग उठ रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *