रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना खरीद में संयम बरतने की अपील के समर्थन में अब सराफा कारोबारियों ने भी अपनी वर्षों पुरानी मांगों को सरकार के सामने प्रमुखता से उठाना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कमल सोनी ने देशभर के सराफा, स्वर्णकार और सोनी समाज के व्यापारिक संगठनों से एकजुट होकर अपनी मूलभूत समस्याओं को राज्य और केंद्र सरकार तक पहुंचाने की अपील की है।
कमल सोनी ने कहा कि 12 मई को प्रदेश के प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि माना है। उन्होंने कहा कि सराफा समाज देशहित में त्याग करने को तैयार है, लेकिन अब सरकार को भी 75 वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
एसोसिएशन ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें बड़े ब्रांडेड घरानों द्वारा “0 प्रतिशत मेकिंग चार्ज” जैसे भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाकर एमआरपी प्रणाली लागू करना, स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड का गठन कर कारीगर परिवारों को बीमा, पेंशन और प्रशिक्षण की सुविधा देना, MCX गोल्ड ट्रेडिंग पर रोक लगाना, हॉलमार्किंग और HUID प्रक्रिया को सरल बनाना तथा अनजाने में खरीदे गए चोरी के सामान से जुड़े मामलों में व्यापारियों के लिए कानून को सरल करना शामिल है।
कमल सोनी ने कहा कि यदि सरकार इन मांगों को पूरा करती है तो सराफा कारोबारियों को एक वर्ष तक सोना कारोबार में संभावित मंदी से उबरने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी संगठनों से अगले सात दिनों के भीतर मुख्यमंत्री, सांसदों और प्रधानमंत्री कार्यालय को ज्ञापन सौंपने की अपील भी की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *