बिलासपुर। स्वर्गीय श्रीमती सरिता देवी अग्रवाल, स्वर्गीय श्रीमती सरोजनी देवी एवं स्वर्गीय श्रीमती उर्मिला केडिया की पुण्यस्मृति में रविवार को मंगला चौक स्थित वंदना अस्पताल के पीछे बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्तदान एवं निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। समाजसेवा को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और कुल 38 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर की खास बात यह रही कि कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदाताओं ने इसे मानव सेवा का सबसे सरल और श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
रक्तदान शिविर के साथ आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर की जांच तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। बड़ी संख्या में लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।
आयोजकों ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से अपने पूर्वजों की पुण्यस्मृति में इस सेवा अभियान का आयोजन कर रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान से जोड़ना है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकता है।
रिपोर्ट…राकेश मिश्रा…बिलासपुर… 9827171483
