बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल दिनांक 03 मार्च, 2025 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विजिटर्स कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। भारत गणराज्य की माननीया राष्ट्रपति महोदया एवं गुरु घासीदास विश्वविद्यालय की विजिटर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के भाषण से दो दिवसीय विजिटर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन हुआ। राष्ट्रपति 184 केन्द्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों की विजिटर हैं।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि किसी भी देश के विकास का स्तर उसकी शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता से झलकता है। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रमुखों से कहा कि भारत को ज्ञान अर्थव्यवस्था के एक महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य हासिल करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ शोध पर भी बहुत ध्यान देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि श्रेष्ठ उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय अनुसंधान कोष की स्थापना की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उच्च शिक्षा संस्थान इस महत्वपूर्ण पहल का सार्थक उपयोग करते हुए शोध को प्रोत्साहित करेंगे।


राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश के कई उच्च शिक्षण संस्थानों की वैश्विक ब्रांड वैल्यू है। इन संस्थानों के छात्रों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों और कंपनियों में बड़ी जिम्मेदारियां मिलती हैं। हालांकि, हमारे सभी संस्थानों को बहुत तेजी से आगे बढ़ना चाहिए। हमारी विशाल युवा आबादी की अपार प्रतिभा को विकसित और उपयोग में लाकर उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के नेतृत्व को मान्यता दी जाएगी। उद्घाटन सत्र के दौरान, राष्ट्रपति ने नवाचार, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास श्रेणियों में आठवें विजिटर्स पुरस्कार प्रदान किए।
कुलपति प्रोफेसर चक्रवाल ने माननीया राष्ट्रपति महोदया श्रीमती मुर्मू को विजिटर्स कॉन्फ्रेंस में आमंत्रित किये जाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में अकादमिक उत्कृष्टता के लिए शोध, अनुसंधान, नवाचार एवं पेटेंट के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं। इन निरंतर किये गये प्रयासों का परिणाम है कि गुरु घासीदास विश्वविद्यालय को नैक द्वारा ए++ ग्रेड प्रदान किया गया है।
माननीया राष्ट्रपति महोदया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय की विभिन्न अकादमिक, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में हो रही प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। कुलपति प्रो. चक्रवाल ने माननीया राष्ट्रपति महोदया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से विश्वविद्यालय के विजिटर के रूप में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु उनका आभार व्यक्त किया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed