डोंगरगढ़ वुशु स्टेट चैंपियनशिप में रायगढ़ का जलवा

55 खिलाड़ियों ने जीते 55 मेडल, 20 गोल्ड के साथ बनाया नया इतिहास

रायगढ़। डोंगरगढ़ में 20 मई से 26 मई तक आयोजित वुशु स्टेट चैंपियनशिप में रायगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। रायगढ़ की टीम ने प्रतियोगिता में कुल 55 मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड कायम किया, जिसमें 20 गोल्ड, 25 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। जिले के खेल इतिहास में यह पहली बार है जब वुशु खिलाड़ियों ने इतनी बड़ी संख्या में पदक जीतकर रायगढ़ का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है।

प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले से कुल 55 खिलाड़ियों का चयन हुआ था और सभी खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कोच अमन तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके नेतृत्व और प्रशिक्षण में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इस उपलब्धि में सबसे अधिक योगदान सेंट जेवियर्स स्कूल के खिलाड़ियों का रहा, जिन्होंने कई वर्गों में शानदार खेल दिखाते हुए अनेक पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन ने रायगढ़ को स्टेट चैंपियनशिप में अलग पहचान दिलाई।

कोच अमन तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ वुशु संघ के जनरल सेक्रेटरी श्री डी. कोंडैया तथा अध्यक्ष एवं रिटायर्ड डीजीपी श्री संजय पिल्लई के मार्गदर्शन में वुशु खेल लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि वुशु को अब ओलंपिक खेलों में भी शामिल किए जाने से खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर खुलेंगे।

अमन तिवारी ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में उनका चयन प्रतिष्ठित पंकज विक्रम अवॉर्ड के लिए हुआ है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु श्री डी. कोंडैया को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही वे लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं।

गौरतलब है कि अमन तिवारी स्वयं नेशनल कोच हैं और उनके प्रशिक्षित खिलाड़ी नेशनल गेम्स एवं खेलो इंडिया जैसे बड़े मंचों पर पदक जीत चुके हैं। वे लगातार 8 बार नेशनल स्तर पर खेल चुके हैं और उनका सपना रायगढ़ के खिलाड़ियों को एशियन गेम्स और ओलंपिक तक पहुंचाकर देश के लिए पदक दिलाना है।

रायगढ़ वुशु टीम की इस ऐतिहासिक सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से रायगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी चमक सकती हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *