छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान, बिलासपुर में 16 मई से 22 मई तक आयोजित प्री नेशनल सब जूनियर बेसबॉल कोचिंग कैंप का समापन समारोह एवं किट वितरण कार्यक्रम 22 मई को संपन्न हुआ। यह कैंप 24 से 29 मई तक भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली 31वीं सब जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता की तैयारी हेतु लगाया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश की बालक एवं बालिका टीम भाग लेगी।

छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ के सह सचिव अख्तर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना एवं मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया गया। समापन समारोह में प्रदेश बेसबॉल संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल, महासचिव सुश्री मिताली घोष, उपाध्यक्ष डॉ. कैरोलाइन सत्तूर, कोषाध्यक्ष पूर्णिमा मिश्रा एवं सह सचिव अख्तर खान उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता केवल एक खेल नहीं बल्कि अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही होता है जो पूरे समर्पण और मेहनत के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे। उन्होंने खिलाड़ियों से एकजुट होकर टीम भावना के साथ खेलने एवं छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतकर लौटने की अपेक्षा व्यक्त की।

महासचिव सुश्री मिताली घोष ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस टीम का चयन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और कठिन परिश्रम के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर हर खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है और सभी खिलाड़ी पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ की टीम इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

कैंप के दौरान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय बेसबॉल खिलाड़ी लखन लाल देवांगन, संदीप गाहिरे, अंकुर राजक, नेहा यादव एवं भूमिका श्रीवास द्वारा फील्डिंग, हिटिंग, कैचिंग एवं मैच प्रैक्टिस का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर सभी चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता हेतु किट का वितरण भी किया गया।

बालिका टीम में रागिनी ध्रुव, सोनाली ध्रुव, आयुषी, चांदनी साहू, जयश्री, शालिनी मानिकपुरी, चैतली साहू, सुमन साहू, प्रियांशु, अदिति कुमारी, तृषा केसरी, खुशी, दिव्या, भूमि, दिव्या खिलेश्वरी निषाद, कामिनी एवं हर्षित मुकेश शामिल हैं।

बालक टीम में उत्कर्ष, पंकज, चंद्रेश कुमार, शुभम सेन, आर्यन पटेल, मानस कुमार, कमल, आशीष जांगड़े, चमन, हर्षवर्धन राय, दीपक कुमार, अथर्व दीवान, आरव दीवान, बलिराम, संजू, चिंटू साहू, राहुल कुमार एवं साहिल दास शामिल हैं। टीम के कोच मैनेजर अख्तर खान ,लखन देवांगन,चेतना देवलिया, पायल साखरे है।
छत्तीसगढ़ की बालक एवं बालिका बेसबॉल टीम बिलासपुर रेलवे स्टेशन से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *