रिपोर्ट…राकेश मिश्रा…बिलासपुर…दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट में आयोजित समर कोचिंग डांस कैंप में बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित किए जा रहे इस समर कैंप का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। यह आयोजन 1 मई से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलेगा, जिसमें बच्चों को नृत्य, योग, मार्शल आर्ट और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन एनईआई अध्यक्ष सी. नवीन कुमार, सचिव अमरनाथ सिंह एवं मीडिया प्रभारी बी. अनिल राव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। बच्चों को नृत्य शिक्षक हरि नायडू द्वारा नृत्य की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। उद्घाटन अवसर पर नन्हे कलाकारों ने राम भजन, शिव स्तुति, श्लोकांजलि और भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
आवर्तिका राव ने सैक्सोफोन पर मधुर प्रस्तुति दी, वहीं अर्पिता दत्ता ने एडवांस योग का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। मार्शल आर्ट के कैडेट्स ने सेल्फ डिफेंस की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी। आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारना और गर्मी की छुट्टियों का सकारात्मक उपयोग सुनिश्चित करना है।
