रिपोर्ट.. राकेश मिश्रा.. 24.05.2026 बिलासपुर..भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशिक्षण प्रभारी एवं योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिंह ने रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर एवं पदाधिकारियों के साथ झूलेलाल मंगलम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, आवासीय एवं भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चल रही व्यवस्थाओं की सराहना की। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 मई से प्रारंभ होगा, जिसमें भाजपा के अपेक्षित पदाधिकारियों को संगठनात्मक, वैचारिक और प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम दिवस प्रथम सत्र का उद्घाटन बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल करेंगे। द्वितीय सत्र में क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, तृतीय सत्र में संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला तथा चतुर्थ सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मीडिया प्रबंधन विषय पर मार्गदर्शन देंगे। पंचम सत्र में संभाग प्रभारी एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी कार्य विस्तार पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। छठवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे संबोधित करेंगी, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दूसरे दिन प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक हमारा इतिहास और विकास पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ‘देश के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर अपने विचार रखेंगे। वहीं प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक श्रद्धा मिश्रा भी संबोधित करेंगी। अंतिम सत्रों में योग आयोग अध्यक्ष श्री रूपनारायण सिंह ‘विचार परिवार’ तथा डॉ. अखिलेश जैन ‘हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान’ विषय पर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम का समापन उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में होगा।
