रतनपुर,,,,,,,,। ऐतिहासिक एवं केंद्रीय संरक्षित स्मारक रतनपुर किला में पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। जहां एक ओर नई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पूर्व में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
किले के भीतर पर्यटकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था करते हुए नई कुर्सियां लगाई गई हैं। गार्डन क्षेत्र में भी चेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे मॉर्निंग वॉक और शाम को घूमने आने वाले लोगों को राहत मिल रही है। इसके साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी विभाग द्वारा सुनिश्चित की गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार किले के अंदर की सड़कों का नवीनीकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है। सड़कों को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए बाहर से पत्थर मंगाकर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम हो सके। साथ ही हाथी किला परिसर के भीतर स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।


इधर, स्थानीय निवासियों ने पूर्व में ठेकेदार द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि पहले बनाई गई सड़क अब कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है और केवल कुछ हिस्सों में ही बची है। इसी तरह बनाई गई बाउंड्री वॉल भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर टूटने लगी है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि बाउंड्री वॉल के टूटने के कारण किले की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।


निवासियों ने विभाग से मांग की है कि पुराने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए, साथ ही बाउंड्री वॉल की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण जल्द कराया जाए, ताकि किले की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विभाग द्वारा वर्तमान में कराए जा रहे विकास कार्यों की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, वहीं उम्मीद जताई है कि नई योजनाओं के साथ-साथ पुरानी कमियों को भी दूर किया जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed