NSUI प्रदेश सचिव रंजेश सिंह की शिकायत पर KPS, St. Xivers एवं Achiever School Group के विरुद्ध अलग-अलग जांच समितियों का गठन,
रंजेश सिंह ने बताया की शिकायत कि सभी बिंदुओं पर होगी विस्तृत जांच
बिलासपुर जिले में संचालित KPS School Group, St. Xivers School Group एवं Achiever School Group के विरुद्ध लगातार प्राप्त हो रही गंभीर शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए, NSUI के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह द्वारा प्रस्तुत विस्तृत शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन/शिक्षा विभाग द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तीनों स्कूल प्रबंधन के लिए अलग-अलग जांच समितियों का गठन किया गया है।
यह जांच समितियां प्रत्येक संस्थान के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पॉइंट टू पॉइंट, तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष जांच करेंगी। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने बताया कि शिकायत में निम्न प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया गया है, जिनकी विस्तृत जांच की जाएगी—
मान्यता संबंधी अनियमितताएं – एक स्थान की मान्यता लेकर अन्य स्थानों पर बिना वैध अनुमति के विद्यालय संचालन।
बोर्ड परीक्षा से वंचित करना – शासन के निर्देशों के बावजूद विद्यार्थियों को CG Board/अन्य बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित न कराना।
विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ – गलत जानकारी देकर अभिभावकों व विद्यार्थियों को गुमराह करना।
मनमानी फीस वसूली – शासन के नियमों का उल्लंघन करते हुए अत्यधिक एवं अवैध शुल्क लेना।
निजी प्रकाशकों की पुस्तकों का अनिवार्य उपयोग – निर्धारित पाठ्यक्रम के विपरीत निजी पुस्तकों को खरीदने के लिए बाध्य करना।
वित्तीय अनियमितताएं – फीस एवं अन्य मदों में पारदर्शिता का अभाव।
शासन के आदेशों की अवहेलना – समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन न करना।
अन्य प्रशासनिक अनियमितताएं – विद्यालय संचालन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं में नियमों की अनदेखी।
रंजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में इस प्रकार की अनियमितताएं अत्यंत गंभीर विषय हैं, जिनसे सीधे तौर पर विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि NSUI विद्यार्थियों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी जांच समितियां समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कार्य करते हुए जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन की मान्यता रद्द करने सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रंजेश सिंह ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जांच में देरी की जाती है या कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है, तो NSUI द्वारा जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अंत में उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी सामने लाएं, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *