रिपोर्ट..राकेश मिश्रा..पेंड्रा..
जीपीएम जिले के पेंड्रा अंतर्गत कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लाखों रुपए के जेवरात लूट की सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी आईजी के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खुले बाजार में इस प्रकार की जघन्य वारदात कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। श्री सोनी ने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। घटना के बाद श्री सोनी मृतक सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू के परिजनों से भी मिले। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापारियों को पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग स्थित कोटमी साप्ताहिक बाजार में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे और सराफा कारोबारी की दुकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने जेवरातों से भरी पेटी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी की छाती में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरों से भरी पेटी लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग तेज कर दी है।
