बिलासपुर। तमिलनाडु के डीएमके नेता एवं विधायक उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बिलासपुर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हिंदू संगठनों ने बयान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसी कड़ी में वन्दे मातरम् मित्र मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु विधानसभा में सनातन धर्म को समाप्त करने जैसी बातें कही हैं। इसके साथ ही पूर्व में भी हिंदू समाज और सनातन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा चुकी हैं, जिससे हिंदू समाज में गहरा रोष व्याप्त है। ज्ञापन में उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में महेन्द्र जैन, जय सिंह चंदेल, प्रफुल्ल मिश्रा, यतीन्द्र नाथ मिश्रा, पार्थो मुखर्जी, डॉ. अवनीश त्रिपाठी, जगदीश प्रसाद साहू, नारायण गिरी गोस्वामी, धीरेन्द्र केशरवानी, मनोरंजन सिंह, लखन लाल गुप्ता और सतीश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में वंदे मातरम् मित्र मंडल द्वारा 15 मई शुक्रवार शाम 6 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक, पुराना बस स्टैंड में उदयनिधि स्टालिन का पुतला दहन एवं प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म और हिंदू समाज के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा समाज की आस्था पर चोट पहुंचाने वालों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
