बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व पार्षद स्वर्गीय शेख असलम के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर निर्वाचन प्रक्रिया जारी है। चुनाव कार्यक्रम के तहत 11 मई से नामांकन पत्र मिलना शुरू हो चुके हैं, जबकि नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है।
उपचुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से पार्षद प्रत्याशी बनने के लिए अब तक पांच दावेदारों ने आवेदन प्रस्तुत किए हैं। इनमें अब्दुल तस्लीम, सोहैल खालिक, मोहम्मद आजम, सुनील पाली और जयपाल निर्मलकर के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। दावेदारों के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन अब प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में जुट गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने निष्पक्ष और सर्वसम्मति से प्रत्याशी चयन के उद्देश्य से 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों, वार्ड समिति, बूथ समिति, स्थानीय नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं से रायशुमारी कर सर्वे करेगी। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर समिति तीन दिनों के भीतर उपयुक्त प्रत्याशी अथवा पैनल का नाम जिला कांग्रेस कमेटी शहर कार्यालय को सौंपेगी।
इधर भाजपा में भी उपचुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा की ओर से संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर लिया गया है और अगले एक-दो दिनों में उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। ऐसे में वार्ड 29 का उपचुनाव अब पूरी तरह राजनीतिक मुकाबले का केंद्र बनता नजर आ रहा है।
